बलौदा बाजार, 10 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिला पुलिस ने कसडोल ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष भागवत थवाईत पर सख्ती दिखाते हुए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने वांटेड पोस्टर भी जारी कर दिया है।
तलवार लहराकर दहशत, फायरिंग की कोशिश
मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत मंगलवार को हुई, जब भागवत थवाईत ने अपने साथियों के साथ ग्रामीणों के साथ मारपीट की। इसके बाद बुधवार रात कटगी के सर्वा मोड़ के पास आरोपी और उसके सहयोगियों ने जमकर उत्पात मचाया। ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी पक्ष ने नंगी तलवारें लहराईं और कट्टे से फायरिंग की भी कोशिश की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, पिता को पुलिस के हवाले किया
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के पिता को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद ग्राम पंचायत कटगी में तनाव की स्थिति बन गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। पूरा गांव फिलहाल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।
अवैध शराब और पुलिस पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि नेशनल हाईवे किनारे स्थित ढाबे में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। ग्रामीणों ने कई बार पुलिस को सूचना दी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं हुई। अब इस बड़ी घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और पेट्रोलिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई जारी
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। इलाके में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

