भाटापारा,10 अपै्रल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिला अंतर्गत थाना भाटापारा शहर पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के परवाणू क्षेत्र में किराए के मकान से संचालित हो रहा था और देशभर में अपना नेटवर्क फैला चुका था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य सामग्री जब्त की है।
इस पूरे मामले की शुरुआत 4 अप्रैल 2026 को हुई, जब भाटापारा शहर पुलिस ने घेराबंदी कर रेलवे स्टेशन के पास अजय बत्रा नामक आरोपी को मोबाइल के माध्यम से आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल, ?5,780 नगद राशि तथा मोबाइल में सट्टेबाजी से संबंधित स्क्रीनशॉट बरामद किए गए। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 07 के तहत अपराध क्रमांक 121/2026 पंजीबद्ध किया गया।
जांच के दौरान जब्त मोबाइल का तकनीकी विश्लेषण किया गया, जिसमें यह खुलासा हुआ कि आरोपी ‘रुविबेटÓ नामक पैनल आईडी के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा था। आगे की जांच में यह भी सामने आया कि इसी पैनल के जरिए हिमाचल प्रदेश में बैठा एक संगठित गिरोह देशभर में बड़े स्तर पर सट्टेबाजी का संचालन कर रहा है। प्रकरण की विवेचना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 314, 317(4), 317(2), 111 तथा आईटी एक्ट की धारा 66सी एवं 66डी भी जोड़ी गई।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भाटापारा एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के ग्राम परवाणू में कैंप कर आरोपियों के ठिकाने की पुष्टि की। इसके बाद एक किराए के मकान में दबिश दी गई, जहां पुलिस ने पाया कि आरोपी लैपटॉप, आईपैड और मोबाइल जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से संगठित और पेशेवर तरीके से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे। मौके से सभी 16 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में यह सामने आया कि आरोपी ‘रुविबेटÓ पैनल आईडी के विभिन्न ब्रांच लिंक जैसे शाखा-08, शाखा-27 और शाखा-35 के माध्यम से यूजर आईडी बनाकर देशभर में ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। यह गिरोह अलग-अलग राज्यों के लोगों को जोड़कर व्यापक स्तर पर सट्टेबाजी का नेटवर्क चला रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 07 लैपटॉप, 02 आईपैड, 48 मोबाइल फोन, 09 एटीएम कार्ड, 02 बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स जब्त किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में अंकित राज (हिसार, हरियाणा), सदाम हुसैन (अंबिकापुर, छत्तीसगढ़), लवप्रीत सिंह (पटियाला, पंजाब), अजिबुल रहमान (बैकुंठपुर, छत्तीसगढ़), अनिकेत त्यागी (संभल, उत्तरप्रदेश), दीपक उर्फ दीपू चौहान (मुरादाबाद, उत्तरप्रदेश), रमन कुमार (पठानकोट, पंजाब), मुकेश सोनी (उत्तरप्रदेश), राकेश कुमार (पठानकोट, पंजाब), मनु (पठानकोट, पंजाब), करणदीप सिंह (संगरूर, पंजाब), दीपक कुमार पौडेल (नेपाल), रितिक कुमार (पठानकोट, पंजाब), राहुल सरमाल (पठानकोट, पंजाब), शिवम (पठानकोट, पंजाब) एवं गुलशन कुमार (पठानकोट, पंजाब) शामिल हैं।
सभी आरोपियों को 10 अप्रैल 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। भाटापारा पुलिस की मजबूत सूचना तंत्र एवं तकनीकी जांच के चलते इस बड़े अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश संभव हो पाया, जिसे पुलिस की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

