खुर्दा (ओडिशा),10 अपै्रल (आरएनएस)। ओडिशा के खुर्दा जिले में स्थित आईएनएस चिल्का परिसर में एक ट्रेनी अग्निवीर ने कथित तौर पर जान दे दी. उसका शव कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला. मृत उत्तर प्रदेश के मेरठ का रहने वाला था.
बताया जाता है कि 19 साल के ट्रेनी अग्निवीर का शव 8 अप्रैल को भारतीय नौसेना के आईएनएस चिल्का परिसर के एक कमरे से संदिग्ध हालत में बरामद किया गया. मृतक की पहचान कार्तिक यादव के रूप में हुई है. कार्तिक यहां प्रशिक्षण ले रहा था. हालांकि, यह पता नहीं चल पाया है कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसके साथियों और अन्य कर्मचारियों ने उसे परिसर में स्थित चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव कब्जे में ले लिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया. पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
शुरुआती जांच में पता चला है कि कार्तिक यादव ने उस समय अपनी जान दे दी, जब अन्य ट्रेनी अपने काम में व्यस्त थे. हालांकि, मौत का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस घटना की आगे की जांच कर रही है. वह पिछले साल फरवरी में एक अग्निवीर के रूप में आईएनएस चिल्का प्रशिक्षण केंद्र में शामिल हुआ था. परिवार वालों के अनुसार, कार्तिक ने 7 और 8 अप्रैल को अपनी मां से बात की और उनसे इस्तीफे के पत्र पर सहमति देने का आग्रह किया था. लेकिन मां ने उस पर हस्ताक्षर करने से साफ इनकार कर दिया और उसे समझाने-बुझाने की कोशिश की.
मृतक के पिता राजकुमार, जिन्हें पिछले बुधवार शाम को कार्तिक की मौत की खबर मिली, ने इस बारे में बात की. दूसरी ओर, मृतक के परिवार वाले घटनास्थल पर पहुंच गए हैं. मृतक के एक रिश्तेदार ने बताया, पिछले दो दिनों से परिवार से वह नौकरी छोडऩे के लिए कह रहा था. बेटा यहां से इस्तीफा देना चाहता था. चूंकि परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी, इसलिए हमने बेटे को प्रशिक्षण जारी रखने के लिए समझाया. इस्तीफे का पत्र भी घर भेजा गया था, लेकिन उसकी मां ने उस पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया. दूसरी ओर, फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और आगे की जांच के बाद, पुलिस ने बनापुर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद उसका शव परिवार को सौंप दिया.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

