सूरजपुर, 10 अप्रैल (आरएनएस)। सरगुजा संभाग के सूरजपुर जिले से एक सकारात्मक और जागरूकता से जुड़ी खबर सामने आई है। ओडगी विकासखंड के ग्राम नवाटोला में बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ एक प्रभावशाली रैली का आयोजन किया गया।
यूनिसेफ और एग्रीकॉन के सहयोग से आयोजित इस अभियान में स्कूली बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया और बाल विवाह बंद करो जैसे नारों के जरिए पूरे गांव में जागरूकता फैलाने का काम किया।
रैली के दौरान बच्चों ने पोस्टर और तख्तियों के माध्यम से यह संदेश दिया कि विवाह की वैध उम्र लड़कियों के लिए 18 वर्ष और लड़कों के लिए 21 वर्ष निर्धारित है।
इस मौके पर थाना चांदनी बिहारपुर के थाना प्रभारी राम प्रताप साहू ने ग्रामीणों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और पॉक्सो एक्ट से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में सभी ग्रामीणों ने बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। साथ ही जरूरत पडऩे पर सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1098, 181 और 112 की जानकारी भी साझा की गई।
०


