रायपुर ,10 अपै्रल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक बड़े अंतर्राज्यीय चैन चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। लग्जरी वाहन में घूम-घूमकर देशभर में वारदात को अंजाम देने वाले इस गिरोह के 08 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 07 महिलाएं और 01 पुरुष शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाता था और मौका मिलते ही लोगों के गले से सोने की चेन पार कर देता था। आरोपियों ने रायपुर शहर में ही करीब एक दर्जन चैन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
चौंकाने वाली बात यह है कि सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और संगठित तरीके से वारदात को अंजाम देते थे। यह गिरोह केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में भी सक्रिय था और कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10,500 रुपये नगद, एक सोने की चेन, एक कटर, चार मोबाइल फोन और एक लग्जरी इनोवा वाहन (एमपी 09 बीपी 1064) जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 11 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने चोरी की गई सोने की चैनों को बेचकर जो पैसा कमाया, उसी से इनोवा वाहन खरीदा था, जिसका इस्तेमाल वे वारदात को अंजाम देने में करते थे।
गिरफ्तार आरोपी मध्यप्रदेश के इंदौर और महाराष्ट्र के जलगांव के निवासी हैं। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

