बलरामपुर, 10 अप्रैल (आरएनएस)। सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिले में सनावल पुलिस ने अवैध धान कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अमित कुमार गुप्ता को पुलिस ने मिनवाखांड गांव के पास घेराबंदी कर पकड़ा। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने सतर्कता दिखाते हुए उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह उत्तरप्रदेश से अवैध रूप से धान लाकर यहां बेचता था। साथ ही किसानों के बैंक खातों का दुरुपयोग कर शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के पास से कई बैंक चेकबुक, एटीएम कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
बताया जा रहा है कि इस मामले में पहले भी कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है और मामले की आगे जांच जारी है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

