रायपुर, 10 अप्रैल (आरएनएस) राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन, दो मोबाइल फोन और एक चाकू बरामद किया गया है। साथ ही आरोपियों का जुलूस भी निकाला गया। उक्त कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।जानकारी के अनुसार, घटना 8 अप्रैल 2026 की है। प्रार्थिया सिमरन मिस्त्री अपने दोस्त गोविंद रोचलानी के साथ कटोरा तालाब जा रही थीं। इसी दौरान श्याम नगर इंदिरा चौक के पास स्कूटी सवार दो युवकों ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए गाली-गलौज की। कुछ दूरी आगे बढऩे के बाद श्याम नगर हनुमान मंदिर के पास आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया और विवाद शुरू कर दिया।विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली देने से मना करने पर जान से मार देंगे कहकर गोविंद रोचलानी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।मामले में तेलीबांधा थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) और क्राइम एंड साइबर डीसीपी के निर्देश पर टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।जांच में आरोपियों की पहचान न्यू राजेंद्र नगर निवासी अनुज सिंह और नवीन पैकरा के रूप में हुई। दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने वारदात कबूल कर ली।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 126(2), 296 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

