रायपुर, 10 अप्रैल (आरएनएस) राजधानी रायपुर में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लग्जरी कार में घूम-घूमकर चैन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 7 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं।पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाता था और मौका मिलते ही लोगों के गले से सोने की चेन पार कर देता था। आरोपियों ने रायपुर में ही करीब एक दर्जन वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है।हैरानी की बात यह है कि गिरोह के सभी सदस्य आपस में रिश्तेदार हैं और बेहद सुनियोजित तरीके से अपराध को अंजाम देते थे। यह गिरोह छत्तीसगढ़ के अलावा गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में भी सक्रिय रहा है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10,500 रुपये नकद, एक सोने की चेन, एक कटर, चार मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की जा रही लग्जरी इनोवा कार (एमपी 09 बीपी 1064) जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 11 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि चोरी की गई सोने की चैनों को बेचकर मिले पैसों से ही आरोपियों ने यह लग्जरी वाहन खरीदा था, जिसका इस्तेमाल वे वारदात को अंजाम देने में करते थे।गिरफ्तार आरोपी मध्यप्रदेश के इंदौर और महाराष्ट्र के जलगांव के निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की जांच जारी है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

