0 रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर और धमतरी जिलों में पायलट प्रोजेक्ट शुरू
रायपुर, 11 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग ने पहली बार लेडार आधारित स्पीड कैमरों का इस्तेमाल शुरू किया है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपए की लागत से 7 आधुनिक स्पीड कैमरे लगाए गए हैं। राज्य सरकार के निर्देश पर इन्हें रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर और धमतरी जिले के प्रमुख मार्गों पर स्थापित किया गया है।
रायपुर में इन स्थानों में लगे कैमरे
रायपुर में मरीन ड्राइव, वीआईपी रोड और मंदिर हसौद क्षेत्र में कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा बिलासपुर बायपास, अंबिकापुर और जगदलपुर के मुख्य मार्ग तथा धमतरी जिले के कुरूद तहसील क्षेत्र को भी इस परियोजना में शामिल किया गया है। इन स्थानों का चयन ट्रैफिक दबाव और हादसों की घटनाओं को देखते हुए किया गया है।
100 मीटर की दूरी से रिकॉर्ड कर सकेंगे स्पीड
वाई-फाई युक्त ये कैमरे परिवहन विभाग के वाहन सॉफ्टवेयर से जुड़े हुए हैं। ये 100 मीटर तक की दूरी पर चल रहे वाहनों की गति को सटीक रूप से माप सकते हैं। दो लेन की सड़कों पर भी ये एक साथ कई वाहनों की निगरानी कर सकते हैं और उनकी पूरी जानकारी सिस्टम में दर्ज कर लेते हैं।
अब पढ़े कैमरे की खासियत
लेडार तकनीक पर आधारित ये कैमरे प्रकाश किरणों के जरिए वाहन की गति और दूरी का सटीक आकलन करते हैं। यदि कोई वाहन निर्धारित गति सीमा से अधिक चलता है तो कैमरा उसकी नंबर प्लेट स्कैन कर फोटो और वीडियो रिकॉर्ड करता है। इसके बाद स्वत: ई-चालान जनरेट होता है, जो वाहन मालिक को व्हाट्सएप और ईमेल के माध्यम से भेजा जाएगा। इन कैमरों में नाइट विजन जैसी सुविधा भी है, जिससे रात में भी स्पष्ट निगरानी संभव होगी। साथ ही खराब मौसम में भी ये प्रभावी तरीके से काम कर सकते हैं।
जल्द लगेंगे पूरे शहर में
फिलहाल इन कैमरों की टेस्टिंग की जा रही है। परिवहन विभाग और पुलिस के समन्वय से जल्द ही इन्हें पूरी तरह चालू किया जाएगा। विभाग का कहना है कि पहले चरण में लोगों को जागरूक किया जाएगा, इसके बाद सख्ती से नियम लागू किए जाएंगे।
हादसों को रोकने लगाए गए-रविशंंकर
अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर के अनुसार, सड़क हादसों को रोकने और ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए 5 जिलों में 7 कैमरे लगाए गए हैं। भविष्य में इसे अन्य जिलों में भी विस्तार देने की योजना है।
एसएस
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

