रामानुजगंज, 11 अप्रैल (आरएनएस)। श्री श्याम लाडला परिवार के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय श्याम संकीर्तन महोत्सव 2.0 का दूसरा दिन भी भक्तिभाव और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव के दूसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा नगर भक्ति रस में डूबा नजर आया।
महोत्सव स्थल गांधी मैदान को आकर्षक सजावट से सजाया गया था, जहां श्री श्याम का फूलों से अद्भुत और अलौकिक श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। दिव्य ज्योति के दर्शन के लिए देर रात तक लंबी कतारें लगी रहीं।
कार्यक्रम के तहत सुप्रसिद्ध भजन गायक मोनू दोहा एवं कृष्णा शर्मा,गायकी तताशा गुप्ता ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। संकीर्तन का यह आयोजन सुबह लगभग 4 बजे तक चलता रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्ति और संगीत से गुंजायमान रहा।
महोत्सव के दौरान 56 भोग, इत्र वर्षा और श्री श्याम रसोई भी विशेष आकर्षण के केंद्र रहे। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया। आयोजन स्थल पर व्यवस्थाएं सुचारू रहीं, जिससे दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, उल्लास और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इसी तरह के सहयोग से कार्यक्रम को भव्य सफलता मिली है।
दो दिवसीय इस धार्मिक आयोजन ने नगर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया और श्रद्धालुओं के मन में गहरी छाप छोड़ गया।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

