जांजगीर-चांपा 11 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा अस्पताल परिसर में हंगामा करने और शराब के लिए पैसे मांगकर गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी लव कुमार तिवारी ने 10 अप्रैल 2026 को थाना बलौदा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 9 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे वह ग्राम जर्वे (ब) स्थित शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी कृष्ण मोहन पाण्डेय उर्फ अंकु पाण्डेय (30 वर्ष) अपने कुत्ते को अस्पताल लाकर उसका वजन कराने लगा और वहां मौजूद गर्भवती महिलाओं की फोटो खींचने लगा।जब प्रार्थी ने उसे ऐसा करने से रोका, तो आरोपी ने शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। पैसे नहीं देने पर उसने अश्लील गालियां देते हुए अभद्र व्यवहार किया। घटना की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 150/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 119(1) और 296 के तहत मामला कायम किया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 11 अप्रैल 2026 को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।इस कार्रवाई में थाना बलौदा पुलिस की टीम का सराहनीय योगदान रहा।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

