रायपुर,11 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी के मुजगहन थाना क्षेत्र में सेजबहार के पास हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले मेंन पुलिस ने 2 वयस्क आरोपियों के साथ 3 विधि से संघर्षरत नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लूटा गया सामान, दो मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, चाकू और डंडा बरामद किया गया है।घटना 8 अप्रैल 2026 की देर रात करीब 1:30 बजे की है। पीडि़त भूषण साहू अपनी दो भांजियों और एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से भाठागांव से मुजगहन की ओर जा रहा था। इसी दौरान सेजबहार स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास दो बाइकों में सवार पांच आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने बाइक रोककर उन्हें गिरा दिया और डंडों से हमला कर घायल कर दिया।हमले के दौरान आरोपियों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने आईं भांजियों के साथ भी मारपीट की गई और उनके साथ छेड़छाड़ करते हुए खींचतान की गई, जिससे उनके कपड़े फट गए। इसके बाद आरोपी चैन, ताबीज, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।घटना की शिकायत पर मुजगहन थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट सहित पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की।मुख्य आरोपी चेतन नामदेव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना कबूल किया। इसके बाद नितिन ध्रुव और तीन नाबालिगों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी और एक नाबालिग पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।पुलिस का कहना है कि शहर में अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और ऐसी घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

