धमतरी,11 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के रुद्री थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां महानदी मुख्य नहर में नहाने के दौरान डूबे एक नाबालिग का शव करीब 20 घंटे बाद बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी 16 वर्षीय समीर हसन अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ रुद्री बैराज के पास नहर में नहाने गया था। नहर पार करने के दौरान तेज बहाव में तीन युवक बहने लगे, जिनमें से दो किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि समीर पानी के तेज बहाव में बह गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की गई। कई घंटों की खोजबीन के बावजूद शुक्रवार को उसका कोई पता नहीं चल सका।शनिवार को पानी का स्तर कम होने और बहाव धीमा पडऩे के बाद समीर का शव नवनिर्मित पुल के नीचे फंसा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद गोताखोरों ने शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नहर और बैराज क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चेतावनी संकेत बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

