दुर्ग, 11 अप्रैल (आरएनएस) जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में तीन महीने पहले हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी समेत 6,55,277 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब तक की कार्रवाई में कुल 14,77,757 रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।दरअसल, प्रार्थी ने अमलेश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 से 29 जनवरी 2026 के बीच अज्ञात आरोपियों ने उसके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात व नगदी चोरी कर ली। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने पहले दर्शन माणिकपुरी, भुनेश्वर उर्फ नानू यादव और तुल्येश्वर उर्फ टिल्लू सोनकर सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8,22,480 रुपये की संपत्ति जब्त की थी।विवेचना के दौरान आरोपी तुल्येश्वर सोनकर से पूछताछ में खुलासा हुआ कि चोरी का कुछ सामान उसने अपने जीजा गोरीशंकर खुंटे के पास रखा है। इसके बाद पुलिस ने गोरीशंकर खुंटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां से उसकी निशानदेही पर सोने-चांदी के जेवरात और 2,18,000 रुपये नगद बरामद किए गए।इस कार्रवाई में अमलेश्वर थाना पुलिस और एसीसीयू टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से पूरे मामले का खुलासा कर चोरी गई संपत्ति बरामद कर ली गई है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

