अजय चक्रधारी
अंबिकापुर,12 अप्रैल (आरएनएस)। सरगुजा पुलिस ने एक सनसनीखेज और जघन्य हत्या के मामले का खुलासा करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला अपनी क्रूरता के कारण पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ था और पुलिस के लिए भी एक बड़ी चुनौती बन गया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी को पीडि़ता पर किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध होने का संदेह था। इसी शक के चलते उसने पहले महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया और फिर बेरहमी से मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। इस घटना की निर्ममता ने इलाके में सनसनी फैला दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी पर 35 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। सरगुजा रेंज सहित आसपास के जिलों में आरोपी की तलाश के लिए सघन अभियान चलाया गया और उसकी तस्वीरें विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रसारित की गईं।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलता रहा। वह अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से पैदल निकलकर विश्रामपुर पहुंचा, वहां से ट्रेन के जरिए नागपुर भाग गया और फिर सवारी वाहन से चिरमिरी पहुंचकर अपनी पहचान छिपाकर रहने लगा। हालांकि पुलिस की सतर्कता और लगातार दबाव के चलते आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त कर लिए हैं और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
सरगुजा पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
०००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

