अजय चक्रधारी
बलरामपुर ,12 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के सामरी पाठ थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने 13 वर्षों से फरार माओवादी संगठन के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ही आम्र्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज था और वह लगातार फरार चल रहा था। उसकी तलाश लंबे समय से की जा रही थी।
सूचना तंत्र को सक्रिय रखते हुए पुलिस को मुखबिर से इनपुट मिला कि आरोपी झारखंड के भंडरिया इलाके में मौजूद है। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सामरी पाठ लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद है।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

