भिलाई, 13 अप्रैल (आरएनएस)। भिलाई स्टील प्लांट क्षेत्र से एक दुखद मामला सामने आया है, जहां कैंटीन में कार्यरत एक युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक का शव पेड़ से लटका हुआ मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के भिलाई स्टील प्लांट के कोक ओवन कैंटीन में काम करने वाले 29 वर्षीय अजय प्रजापति ने अपने घर के पीछे पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी। घटना का पता रविवार सुबह तब चला, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री शासकीय अस्पताल सुपेला की मरच्यूरी में भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक शनिवार रात करीब 8 बजे शराब के नशे में घर पहुंचा था, जहां पत्नी से विवाद हुआ। इसके बाद वह घर से निकल गया और देर रात तक वापस नहीं लौटा। सुबह उसका शव पेड़ पर लटका मिला।
बताया जा रहा है कि अजय पिछले कुछ महीनों से कोक ओवन कैंटीन में कार्यरत था और परिवार के साथ सेक्टर-4 क्षेत्र में रहता था। उसकी पत्नी एक अधिकारी के घर में खाना बनाने का काम करती है।
मृतक के परिवार में पत्नी और छह महीने का बच्चा है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी रायपुर से भिलाई पहुंच गए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
0

