भिलाई, 12 अप्रैल (आरएनएस)। भिलाई नगर के सेक्टर-7 क्षेत्र में पीलिया के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। हाल ही में 9 नए मरीजों की पुष्टि होने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने इलाके में विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया है।
वार्ड-67, सेक्टर-7 पश्चिम (सड़क 37ए) में स्वास्थ्य टीम ने घर-घर सर्वे करते हुए 100 से अधिक मकानों में पहुंचकर लोगों के ब्लड सैंपल लिए। जांच के दौरान मिले नए मरीजों के बाद स्वास्थ्य अमला अलर्ट मोड में आ गया है। स्वास्थ्य विभाग ने मौके पर ही कैंप लगाकर संदिग्ध मरीजों की जांच और उपचार शुरू किया है। वर्तमान में कई मरीजों का इलाज जारी है, जिनमें कुछ को अस्पताल में भर्ती भी किया गया है। इस संक्रमण के पीछे क्षेत्र की पुरानी जल आपूर्ति व्यवस्था को मुख्य कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दशकों पुरानी पाइपलाइन से दूषित पानी की आपूर्ति हो रही थी, जिसकी शिकायत पहले भी की जा चुकी थी। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्रबंधन ने पाइपलाइन बदलने का कार्य शुरू कर दिया है। नई पाइपलाइन बिछाकर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है, जिसके लिए सड़कों की खुदाई भी की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से साफ पानी पीने और स्वच्छ भोजन करने की अपील की है। साथ ही पीलिया के लक्षण जैसे कमजोरी, उल्टी, पेट दर्द, पेशाब का पीला होना या आंखों का पीला पडऩा दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी गई है।
0

