रायपुर, 12 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए नया रिंग रोड-5 बनाया जाएगा। लगभग 11 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट के लिए सरकार ने 694 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। यह सड़क चंदनीडीह से शुरू होकर महादेवघाट होते हुए खारुन नदी मार्ग से पुराना धमतरी रोड के खिलोरा तक जाएगी।
इस परियोजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में चंदनीडीह से भाठागांव तक करीब 7.5 किलोमीटर सड़क का निर्माण और चौड़ीकरण होगा, जबकि दूसरे चरण में भाठागांव से खारुन नदी तक लगभग 3.5 किलोमीटर हिस्सा विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही चंदनीडीह रेलवे क्रॉसिंग पर करीब 110 करोड़ रुपए की लागत से ओवरब्रिज भी बनाया जाएगा।
भविष्य में इस रिंग रोड को फुंडहर चौक एक्सप्रेस-वे से जोडऩे की योजना है, जिससे एयरपोर्ट और नवा रायपुर तक सीधी और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इस प्रोजेक्ट से प्रतिदिन एक लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है और रिंग रोड-1 पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के अनुसार, परियोजना के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है और सर्वे कार्य जारी है। इस मार्ग में चंदनीडीह, महादेवघाट, साठागांव और काठाडीह जैसे क्षेत्र शामिल होंगे। परियोजना में भूमि अधिग्रहण भी शामिल है।
नगर निगम ने भी इस परियोजना के लिए अधोसंरचना मद में प्रावधान किया है और संबंधित एजेंसियां मिलकर कार्य करेंगी। इस सड़क के बनने से दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों से एयरपोर्ट तक बिना सिग्नल के सुगम आवागमन संभव होगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि रिंग रोड-1 अब शहर के भीतर आ चुका है, ऐसे में रिंग रोड-5 का निर्माण समय की जरूरत है। इससे शहर के विभिन्न हिस्सों में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और यात्रा समय में भी कमी आएगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

