सिरसा 13 अप्रैल (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष एडवोकेट यतीद्र सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जोरदार स्वागत करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम देश की आधी आबादी को राजनीतिक भागीदारी में सशक्त बनाकर सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना को और मजबूती प्रदान करेगा। एडवोकेट यतीद्र सिंह ने अपने बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में समान भागीदारी देने का जो संकल्प लिया है, वह भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। यह अधिनियम महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित कर देश के विकास में उनकी भूमिका को और अधिक प्रभावशाली बनाएगा। आज दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की माताओं, बहनों और बेटियों के सपनों को नई ऊंचाई देगा। यह नया भारत, नए आत्मविश्वास और नई ऊर्जा के साथ आगे बढऩे का प्रतीक है। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना विकसित भारत की कल्पना अधूरी है। प्रधानमंत्री के इस प्रेरणादायक संबोधन को सिरसा भाजपा की महिला शक्ति ने आज सरसाई कमल कार्यालय में एकत्रित होकर सामूहिक रूप से सुना। इस दौरान उपस्थित महिला कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। सभी ने इस ऐतिहासिक पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। एडवोकेट यतीद्र सिंह ने कहा कि भाजपा हमेशा से महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है और यह अधिनियम उसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने जिले की सभी महिलाओं से आह्वान किया कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने विश्वास जताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से देश में महिला नेतृत्व को नई दिशा और नई पहचान मिलेगी तथा भारत विश्व पटल पर एक सशक्त और समावेशी लोकतंत्र के रूप में और अधिक सुदृढ़ होगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

