रायपुर, 25 मई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में खारून नदी किनारे एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पुलिस पेट्रोलिंग वाहन को देखकर एक 19 वर्षीय युवक नदी में कूद गया और उसकी डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। मृतक की पहचान रोशन नडार (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रामनगर, गुढिय़ारी क्षेत्र का निवासी था।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय रोशन अपने साथी यशवंत साहू के साथ खारून नदी किनारे मौजूद था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही पुलिस पेट्रोलिंग वाहन मौके पर पहुंचा, युवक घबरा गया और अचानक नदी में कूद गया। बताया जा रहा है कि युवक को बचाने के लिए तत्काल कोई प्रयास नहीं किया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई। मृतक के साथी यशवंत साहू ने परिजनों को बताया कि घटना के बाद उसने आसपास के लोगों की मदद से रोशन को नदी से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक को बचाने की बजाय वीडियो बनाने में समय गंवाया और तत्काल रेस्क्यू प्रयास नहीं किए, जिससे युवक की जान चली गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि पुलिस की लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

