नई दिल्ली,13 अपै्रल (आरएनएस)। अप्रैल महीने के तीसरे हफ्ते की शुरुआत के साथ ही उत्तर भारत में गर्मी धीरे-धीरे बढऩे लगी है. अप्रैल के शुरुआती दिनों में हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी थी लेकिन अब मौसम खुलने लगा है.
दिल्ली-एनसीआर में आज सोमवार को मौसम साफ और धूप भरा रहने वाला है. इस बीच कल रविवार को दिन भर आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही. अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री कम 34.7 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री कम 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं हवा में नमी का स्तर 76 से 20 प्रतिशत रहा। 36.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ रिज सर्वाधिक गर्म इलाका रहा.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को आसमान साफ रहेगा. 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलेंगी. धूप भी खिली रहेगी. इस दौरान अधिकतम तापमान 37 डिग्री जबकि न्यूनतम 20 डिग्री के आसपास रह सकता है.
बता दें कि यहां दिन के समय गर्मी काफी बढ़ जाएगी, लेकिन 15-20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं कुछ राहत दे सकती हैं. आने वाले दिनों में भी तापमान में भारी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आंकड़े को भी छू सकता है.
केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड सीपीसीबी के अनुसार राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह 7:30 बजे तक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 144 अंक बना हुआ है जबकि दिल्ली एनसीआर के शहर फरीदाबाद में 142 गुरुग्राम में 135 गाजियाबाद में 132 ग्रेटर नोएडा में 128 और नोएडा में 137 अंक बना हुआ है। राजधानी दिल्ली के अधिकांश इलाकों में एक्यूआई लेवल 100 से ऊपर और 200 के बीच बना हुआ है.
००

