कुशीनगर, 13 अप्रैल (आरएनएस)। जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन के सभागार में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में मुसहर समाज के विकास से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुसहर समाज के प्रतिनिधियों में राजू एवं श्रीमती दुर्गा देवी द्वारा विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधियों द्वारा अवगत कराया गया कि बिहार राज्य की भांति उत्तर प्रदेश में भी मुसहर समाज को विशेष श्रेणी में रखते हुए शिक्षा, रोजगार एवं अन्य योजनाओं में विशेष लाभ प्रदान किया जाए। इसके अतिरिक्त प्रतिनिधियों द्वारा उच्च शिक्षा हेतु आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने, सरकारी नौकरियों में आरक्षण, युवा उद्यमी योजनाओं में प्राथमिकता, भूमिहीन परिवारों को भूमि पट्टा एवं कब्जा दिलाने, जर्जर आवासों के स्थान पर नए आवास उपलब्ध कराने, आधार कार्ड बनवाने तथा परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज कराने की मांग की गई। साथ ही कुछ ग्राम सभाओं जैसे कुड़वा दिलीप नगर, दोघरा आदि में चकबंदी न होने की समस्या भी उठाई गई। जिलाधिकारी द्वारा सभी उपस्थित प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि प्रशासन मुसहर समाज के प्रत्येक पात्र परिवार को सरकार की सभी योजनाओं से लाभान्वित कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन परिवारों को पूर्व में भूमि पट्टा आवंटित किया गया है, उन्हें एक माह के भीतर कब्जा दिलाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। जिन प्रकरणों में न्यायालय में वाद विचाराधीन है, उनमें शासन का प्रभावी पक्ष प्रस्तुत करते हुए शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने यह भी अवगत कराया कि जिन परिवारों को नए पट्टे की आवश्यकता है। उनके लिए एक विशेष रोडमैप तैयार किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत लगभग 15 परिवारों के समूह (क्लस्टर) में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि सभी मुसहर परिवारों का मैपिंग कार्य कराया जा चुका है। जिसके आधार पर उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। पुन: आवास उपलब्ध कराने के संबंध में परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण को उच्च स्तर से दिशा-निर्देश प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। जहाँ- जहाँ चकबंदी से संबंधित प्रकरण लंबित हैं, उन पर अगली बैठक में विस्तार से समीक्षा कर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। डीएम श्री तंवर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुसहर समाज के विकास से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध रूप से समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। बैठक में जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

