रायपुर, 14 अप्रैल 2026(आरएनएस) ओ.पी. चौधरी ने पुसौर क्षेत्र में चल रहे करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता का सूक्ष्म परीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन लाइब्रेरी, पुष्पवाटिका उद्यान और चंदन तालाब सहित विभिन्न परियोजनाओं का जायजा लेते हुए स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
नगर पंचायत पुसौर के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री श्री चौधरी ने अधिकारियों से योजनाओं की अद्यतन जानकारी लेकर कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की प्राथमिकता है कि विकास योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हों और आम जनता को उनका सीधा लाभ मिले।
बैठक में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि संयुक्त प्रयासों से ही क्षेत्र का संतुलित और समग्र विकास संभव है। उन्होंने पार्षदों और जनप्रतिनिधियों से सक्रिय सहभागिता और सकारात्मक सहयोग की अपील भी की।
उल्लेखनीय है कि पुसौर में पुष्पवाटिका उद्यान के लिए लगभग 2.92 करोड़, बी.टी. रोड और नाली निर्माण के लिए 4.08 करोड़, चंदन तालाब सौंदर्यीकरण हेतु 2.10 करोड़ और लाइब्रेरी भवन के लिए करीब 99.12 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही तेलीतार तालाब के गहरीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य भी प्रगति पर है, जिससे जल संरक्षण और क्षेत्रीय सौंदर्य में वृद्धि होगी।

इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष मानी मोहित सतपथी, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर अपूर्व प्रियेश टोप्पो, एसडीएम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

