जशपुर, 14 अप्रैल (आरएनएस)। कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक कुमार के निर्देशन में मोर गांव मोर पानी महाअभियान और जल जागृति जशपुर के तहत जल संकट की बढ़ती चुनौती को ध्यान में रखते हुए जल संरक्षण और संवर्धन हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे है।
इसी तारतम्य में जशपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत नीमगांव के ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से जल संरक्षण का संकल्प लिया है। ग्राम पंचायत, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के सहयोग से गांव में जल संरक्षण की एक व्यापक पहल की शुरुआत की गई है।
इस अभियान के अंतर्गत वर्षा जल संचयन, पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण, तालाबों एवं कुओं की सफाई, 5त्न जल संरक्षण मॉडल तथा नए सोख्ता गड्ढों के निर्माण जैसे कार्य किए जा रहे हैं, सभी हैंड पंपों में सोखता गड्ढा निर्माण, नालियों की सफाई, रिचार्ज पिट, रैन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निर्माण कर ग्रामीणों को जल के महत्व के प्रति जागरूक करने और वर्षा जल के संरक्षण हेतु प्रेरित किया जा रहा है।
ग्राम पंचायत के सरपंच ने बताया कि “जल ही जीवन है, और इसके संरक्षण के बिना भविष्य की कल्पना संभव नहीं है। हम सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया है कि जल की एक-एक बूंद को बचाएंगे और आने वाली पीढिय़ों के लिए सुरक्षित रखेंगे। ग्राम पंचायत में जल संरक्षण हेतु सभी मिलकर प्रयासरत है, बारिश के पानी को सहेज के रखना हमारी जिम्मेदारी है।
इस पहल में युवाओं, महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। विद्यालयों में भी विद्यार्थियों को जल संरक्षण के प्रति प्रेरित किया जा रहा है, जिससे यह अभियान एक जन आंदोलन का रूप ले रहा है।
ग्राम पंचायत ने सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे जल का विवेकपूर्ण उपयोग करें और इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
यह पहल न केवल नीमगांव को जल संकट से बचाने में सहायक होगी, बल्कि अन्य गांवों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत बनेगी। नीमगांव में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जशपुर, जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन, सहायक परियोजना अधिकारी मनरेगा, तकनीकी सहायक, बी पी एम एन आर एल एम, विकासखंड समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन, सरपंच, सचिव, स्व सहायता समूह की महिलाएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।
0

