०भीषण गर्मी में हरे-भरे मंडप के बीच संस्कृति, नशामुक्ति और संस्कारों का संदेश
बीजापुर (आरएनएस)। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के निर्देशन में, पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माता भगवती देवी शर्मा के आदर्शों को साकार करते हुए बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पोटेनार के ग्राम तुर्रेनार में गायत्री परिवार द्वारा व्यापक जनसंपर्क एवं जनजागरण अभियान संचालित किया गया। भीषण गर्मी के बीच गांव में हरा-भरा मंडप बनाकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां सत्संग के माध्यम से ग्रामीणों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक जीवन के महत्व से अवगत कराया गया। गायत्री परिवार के सदस्यों ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को त्यागने, नशामुक्ति अपनाने तथा देश और संस्कृति के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। गायत्री परिवार के प्रज्ञा पुत्र शतप्रेम ने कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से बच्चों को बाल संस्कार की जानकारी दी गई। उन्हें अच्छे आचरण, अनुशासन, बड़ों का सम्मान, देशभक्ति और नैतिक जीवन के मूल्यों के बारे में प्रेरित किया गया, ताकि आने वाली पीढ़ी संस्कारित और जिम्मेदार नागरिक बन सके। भैरमगढ़ प्रज्ञापीठ के परिवाजक दसरू पद्मिमी ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज को कमजोर करता है, इसलिए इससे दूर रहकर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देना आवश्यक है। साथ ही, आपसी भाईचारे, सद्भाव और सकारात्मक सोच को अपनाने पर बल दिया गया। गांव में निरंतर जनजागरण एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक समिति का गठन किया गया, जो आगे चलकर प्रज्ञा मंडल के रूप में विकसित होकर सेवा, शिक्षा और संस्कार के कार्यों को गति देगा।गायत्री परिवार के इस सराहनीय प्रयास से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया और सभी ने मिलकर नशामुक्त, संस्कारित एवं जागरूक समाज निर्माण का संकल्प लिया।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

