उत्तरकाशी,14 अपै्रल (आरएनएस)। ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत पुलिस की ओर से नशा उन्मूलन के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। एक ओर पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है वहीं दूसरी ओर नशे के आदी युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोडऩे का प्रयास भी किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन व पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षक में कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस ने चिह्नित नशाग्रस्त युवाओं की काउंसलिंग की। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया गया। काउंसलिंग के दौरान पुलिस ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है बल्कि उसके मानसिक, सामाजिक और आर्थिक जीवन को भी बुरी तरह प्रभावित करता है। विशेष रूप से युवा वर्ग तेजी से इसकी गिरफ्त में आ रहा है जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इस अवसर पर युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नेशनल नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 1933 की जानकारी देते हुए बताया गया कि इस पर नशे से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना गोपनीय रूप से दी जा सकती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

