-आगामी 26 अप्रैल को प्रधान संघ बैठक कर सौपेंगे ज्ञापन
रूदौली-अयोध्या 14 अप्रैल (आरएनएस)। आगामी 26 मई को प्रदेश के ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है, लेकिन अभी तक पंचायत चुनाव की कोई स्पष्ट तिथि घोषित नहीं होने से प्रधानों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इसी को लेकर जिले के प्रधान संघ ने अपनी आवाज बुलंद करना शुरु कर दिया है। इसे लेकर आगामी 16 अप्रैल को सभी ग्राम प्रधान ब्लाक सभागार रूदौली मे बैठक करेंगे।प्रधान प्रतिनिधियों का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में सरकार समय से पंचायत चुनाव कराने में सक्षम नहीं दिखाई दे रही है। ऐसे में प्रशासनिक शून्यता की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिसका सीधा असर गांवों के विकास कार्यों पर पड़ेगा। इसे देखते हुए प्रधान संघ ने निर्णय लिया है कि उपजिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा जाएगा।ज्ञापन के माध्यम से मांग की जाएगी कि यदि सरकार समय पर पंचायत चुनाव नहीं करा पाती है, तो वर्तमान ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए। प्रधानों ने साफ शब्दों में कहा है कि वे सरकारी प्रशासक प्रधान व्यवस्था को स्वीकार नहीं करेंगे। उनका कहना है कि यदि सरकार बिना वित्तीय अधिकारों के प्रशासक नियुक्त करती है, तो यह ग्राम पंचायतों के विकास को बाधित करेगा।प्रधान संघ के नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि प्रदेश सरकार ने इस मुद्दे पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो वे सरकार के कार्यों का विरोध करने के लिए बाध्य होंगे। उनका तर्क है कि राजस्थान, हरियाणा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भी पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल बढ़ाया गया है, जहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में भी समान निर्णय लिया जाना चाहिए।16अप्रैल को रूदौली के ब्लाक सभागार में प्रधानों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में ब्लाक भर के प्रधानों के साथ साथ प्रधान संघ के जिला अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों को शामिल होना है ताकि आगे की रणनीति तय की जा सके।प्रधान संघ जिला अध्यक्ष राजेश सिंह का कहना है कि यह लड़ाई केवल उनके पद की नहीं, बल्कि गांवों के विकास और लोकतांत्रिक व्यवस्था को बनाए रखने की है। अब देखना होगा कि सरकार इस मांग पर क्या रुख अपनाती है।उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि सबसे पहली मांग है कि समय पर चुनांव कराया जाए अगर किसी कारण वश नही कराया जाता है तो प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए।वही प्रधान संघ रूदौली के अध्यक्ष बलभद्र यादव ने बताया कि बैठक को कामयाव और प्रभावी बनाये जाने के लिए प्रधान साथियों के साथ बैठक की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

