कोण्डागांव, 15 अप्रैल (आरएनएस)। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने 16 अप्रैल से प्रारंभ हो रहे स्व-गणना कार्य में जिले के नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील की है।
कलेक्टर ने कहा कि देश के समग्र विकास हेतु सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़ों पर आधारित योजनाओं का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। इसी क्रम में जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण का कार्य 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनगणना के प्रत्येक चरण में जनसहभागिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनगणना के दौरान नागरिकों की सामान्य जानकारी एकत्रित की जाएगी, जो पूर्णत: गोपनीय रखी जाएगी। यह जानकारी शासन द्वारा विकास कार्यों एवं योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि जनगणना के प्रथम चरण की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से आम नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। अत: सभी नागरिक 16 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो रहे इस स्व-गणना कार्य में उत्साह के साथ अधिक से अधिक संख्या में भाग लें। नागरिक census.gov.in पोर्टल के माध्यम से अपनी गणना कर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में योगदान दें, जिससे कोण्डागांव जिला जनगणना कार्य में अग्रणी बन सके।
कलेक्टर ने जनगणना कार्य से जुड़े समस्त प्रगणकों, सुपरवाइजरों एवं नागरिकों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा व्यक्त की कि जनगणना के सम्पूर्ण कार्यक्रम में सहयोग प्रदान करते हुए इस कार्यक्रम को सफल बनाएं।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

