लखनऊ 15 अप्रैल (आरएनएस ),प्रदेश के विभिन्न मंडलों के अंतर्गत आने वाले जनपदों में पर्यटन स्थलों के सौन्दर्यीकरण, नवनिर्माण तथा जीर्णोद्धार के लिए राज्य योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष प्रथम किस्त भी जारी कर दी गई है।यह जानकारी देते हुए प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि अयोध्या मंडल के अंतर्गत आने वाली विधानसभाओं के लिए प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति जारी करते हुए प्रथम किस्त के रूप में धनराशि जारी की गई है।उन्होंने बताया कि आलापुर क्षेत्र में संत बाबा गोविन्द साहब की तपोभूमि अहिरौली के पर्यटन विकास के लिए 60 लाख रुपये, कटहरी क्षेत्र के भीटी स्थित काली मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 62 लाख रुपये तथा अकबरपुर चौतीपारा में ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए 50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।उन्होंने आगे बताया कि अकबरपुर के लोरपुर में स्थित महाराजा सुहेलदेव राजभर वंशीय अष्टखम्भा स्तूप के पर्यटन विकास के लिए 78 लाख रुपये, अम्बेडकरनगर स्थित श्रवण क्षेत्र के पर्यटन विकास के लिए 2 करोड़ 62 लाख रुपये, टांडा क्षेत्र के बसखारी में फलाहारी महाराज तथा अंगीरा मुनि आश्रम के विकास के लिए 75 लाख रुपये तथा जलालपुर स्थित बाबा झारखण्ड स्थल के विकास के लिए 75 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।इसी क्रम में अमेठी जनपद के जगदीशपुर क्षेत्र स्थित महावीर मंदिर के विकास हेतु 75 लाख रुपये, तिलोई क्षेत्र के कुटीसेवापुर के विकास के लिए 95 लाख रुपये, मुसाफिरखाना में बाबा महावीरदास मंदिर के विकास के लिए 58 लाख रुपये तथा गौरीगंज क्षेत्र के नर्वदेश्वर महादेव मंदिर के विकास के लिए 55 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।इसके अतिरिक्त संग्रामपुर क्षेत्र में लगभग 300 वर्ष पुराने कालिकनधाम मंदिर के विकास के लिए 1 करोड़ 10 लाख रुपये तथा गौरीगंज क्षेत्र के प्राचीन बूढ़ेबाबा मंदिर के विकास के लिए 39 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।इस प्रकार अयोध्या मंडल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न पर्यटन स्थलों के विकास के लिए कुल 10 करोड़ 19 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। कार्य कराने वाली संस्थाओं को निर्देश दिए गए हैं कि पुनरोद्धार एवं सौन्दर्यीकरण के कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

