बीकेटी/लखनऊ 15 अप्रैल (आरएनएस )।लखनऊ कनेक्शन वल्र्डवाइड समूह के हेरिटेज यात्रियों का नगर पंचायत बख़्शी का तालाब क्षेत्र में भव्य स्वागत किया गया। छोटी बाजार में लखनऊ से पीलीभीत पर्यटन के लिए रवाना हो रहे 32 यात्रियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।कार्यक्रम के संयोजक एवं संचालक नागेन्द्र बहादुर सिंह चौहान ने यात्रियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। बीकेटी पुलिस चौकी के समीप समूह के सदस्यों पर पुष्प वर्षा भी की गई। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर सभी पर्यटकों को बिस्किट, पानी तथा कुल्हड़ में विशेष चाय परोसी गई।इस पर्यटक दल का नेतृत्व वरिष्ठ सदस्य प्रदीप शुक्ला, विनोद श्रीवास्तव एवं शोभा वाजपेई द्वारा किया जा रहा है। यात्रियों के स्वागत-सत्कार में समाजसेवी दीपू गुप्ता, रंजीत मिश्रा, रामेंद्र चक्रवर्ती तथा कृष्णा गुप्ता सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।समूह के वरिष्ठ संयोजक अनिल शुक्ल ने बताया कि संस्थापक सुनील मिश्र के मार्गदर्शन में 15 से 17 अप्रैल के मध्य विशेष प्रकृति एवं विरासत यात्रा का आयोजन किया गया है। कुल 32 सदस्यों का यह पर्यटक दल सबसे पहले पीलीभीत टाइगर रिजर्व का भ्रमण करेगा। इसके बाद यह दल माधोटांडा स्थित गोमती नदी के उद्गम स्थल का अवलोकन करेगा तथा अंत में प्रसिद्ध गोला गोकर्णनाथ मंदिर के दर्शन करेगा।
समूह के वरिष्ठ सदस्य शोएब कुरैशी ने बताया कि यह यात्रा विशेष रूप से गोमती नदी के प्रवाह स्थलों को समझने की एक श्रृंखला का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत पूर्व में धोबिया आश्रम की यात्रा से की गई थी। पौराणिक और भौगोलिक मान्यताओं के अनुसार धोबिया आश्रम को गोमती नदी के निरंतर प्रवाह का एक प्रमुख स्रोत माना जाता है।उत्तर प्रदेश के पूर्व प्रधान मुख्य वन संरक्षक मोहम्मद अहसन ने यात्रा के प्रारंभ में सभी यात्रियों को वन क्षेत्र में अनुशासन बनाए रखने, वन्यजीवों के बीच सुरक्षा उपायों का पालन करने तथा आवश्यक सावधानियों की महत्वपूर्ण जानकारी दी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

