ऋषिकेश,15 अपै्रल (आरएनएस)। औद्योगिक क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा की तैयारियों को परखने के लिए बुधवार को हरिद्वार रोड स्थित हिंदुस्तान नेशनल ग्लास फैक्ट्री और स्पैरो टेक्नोलॉजी, गुमानीवाला में दमकल टीम की ओर से मॉक ड्रिल आयोजित की गई। अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में कम समय में जान-माल के नुकसान को रोकना और आग पर प्रभावी नियंत्रण पाना था। मॉक ड्रिल की शुरुआत एक काल्पनिक सूचना से हुई, जिसमें फायर स्टेशन को बताया गया कि ग्लास फैक्ट्री के एक हिस्से में आग लग गई है। सूचना के अनुसार फर्नेस लीकेज के कारण आग भड़क उठी और उसकी चपेट में आकर एक कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इसके बाद टीम ने घायल कर्मचारी को सुरक्षित बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। अभ्यास के दौरान फैक्ट्री परिसर में मौजूद फायर फाइटिंग सिस्टम की भी जांच की गई। फायर स्टेशन अधिकारी (एफएसओ) सुनील दत्त तिवारी ने कर्मचारियों को आग बुझाने के विभिन्न उपकरणों के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि आग लगने के शुरुआती पलों में कर्मचारियों की सतर्कता ही बड़े हादसे को टाल सकती है। इस दौरान स्पैरो टेक्नोलॉजी, गुमानीवाला में भी इसी तरह की मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें आपदा प्रबंधन की तैयारियों का आकलन किया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

