नईदिल्ली,16 अपै्रल (आरएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों पर चर्चा करते समय विपक्ष के नेताओं को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक का जिसने भी विरोध किया है, उसे देश की महिलाओं ने कभी माफ नहीं किया। उन्होंने याद दिलाया कि 2023 में विरोध नहीं हुआ था, इसलिए 2024 के चुनाव में किसी का विरोध भी नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि विधेयक पास होने लोकतंत्र के हक में जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, देश में जब से महिला आरक्षण को लेकर चर्चा हुई और उसके बाद जब-जब चुनाव आया है, हर चुनाव में महिलाओं के अधिकार का जिस-जिसने विरोध किया, देश की महिलाओं ने उन्हें माफ नहीं किया है। उनका बुरे से बुरा हाल किया है, लेकिन 2024 के चुनाव में ऐसा नहीं हुआ, क्योंकि तब सबने सर्वसम्मति से इसे पारित किया था, तो यह विषय ही नहीं रहा। किसी को राजनीतिक फायदा-नुकसान नहीं हुआ। तब सब साथ थे।
मोदी ने आगे कहा, अगर हम सब साथ आते हैं, तो इतिहास गवाह है कि ये किसी एक के राजनीतिक पक्ष में नहीं जाएगा। ये देश के लोकतंत्र और सामूहिक निर्णय शक्ति के पक्ष में जाएगा। हम सब उस यश के हकदार होंगे। न की ट्रेजरी बेंच और मोदी। जिनको इसमें राजनीतिक बू आ रही है, वो पिछले 30 साल के खुद के परिणामों को देखें। फायदा इसी में है। इसे राजनीतिक रंग देने की जरूरत नहीं है।
००

