भोपाल 16 अप्रैल (आरएनएस)। शाहपुरा लेक के पास पेड़ पर फांसी लगाकर युवक ने सुसाइड कर लिया। आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना बुधवार शाम की है। गुरुवार को पीएम के बाद बॉडी परिजनों को सौंप दी गई है।
कमलेश यादव पुत्र भगवानदास यादव (34) चूनाभट्रटी का रहने वाला था। वह ड्राइवरी करता था और शराब पीने का आदी था। नशे में आए दिन परिजनों और आसपास के लोगों से विवाद करता था। दो दिन पहले हुए विवाद की सूचना पुलिस तक पहुंची थी।
हालांकि इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई थी। बुधवार शाम को युवक ने शाहपुरा लेक के पास पहुंचने के बाद एक पेड़ पर फांसी का फंदा बनाया। गले में फंदा बांधकर फोटो लिया और बड़े भाई को यह फोटो सेंड कर दिया।
भाई ने उसे समझाइश दी, कुछ ही देर बाद कमलेश की मौत की सूचना परिजनों तक पहुंची। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

