रांची,17 अपै्रल (आरएनएस)। झारखंड के चतरा में पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. चतरा और हजारीबाग बॉर्डर पर हुए भीषण मुठभेड़ में चार कुख्यात नक्सली मारे गए हैं. मारे गए चार नक्सलियों में 15 लाख का इनामी नक्सली शहदेव महतो और नताशा भी शामिल हैं. झारखंड पुलिस मुख्यालय सूत्रों ने चार नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है. मुठभेड़ स्थल से दो एके 47 राइफल सहित कई हथियार बरामद किए गए हैं.
हजारीबाग पुलिस को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर चतरा पुलिस और कोबरा कमांडो की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चार नक्सलियों को मार गिराया. मारे गए नक्सलियों में 15 लाख रुपये के इनामी शहदेव महतो, महिला नक्सली नताशा और बुद्धदेव शामिल हैं. चौथे नक्सली की पहचान की प्रक्रिया जारी है.
मिली जानकारी के अनुसार, शहदेव महतो अपने साथियों के साथ हजारीबाग के केराडरी जंगल क्षेत्र से गुजर रहा था. हजारीबाग पुलिस को उनके मूवमेंट की सूचना मिलते ही चतरा पुलिस के साथ संयुक्त अभियान शुरू कर दिया गया. अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए कोबरा कमांडो टीम को भी शामिल किया गया. नक्सली हजारीबाग की सीमा पार कर चतरा जिले के जंगल में पहुंच गए. इसी दौरान पुलिस टीम और नक्सलियों के बीच जंगल में आमना-सामना हो गया. दोनों तरफ से हुई तीव्र फायरिंग में चारों नक्सली मौके पर ही ढेर हो गए.
इस मुठभेड़ के बाद हजारीबाग जिला नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की सूची से बाहर हो गया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, हजारीबाग और चतरा में शहदेव महतो का दस्ता ही अंतिम बचा हुआ सक्रिय समूह था. इन चारों के मारे जाने के साथ ही हजारीबाग को नक्सल मुक्त घोषित किया जा सकता है.
मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है. अब तक दो एके-47 राइफल समेत चार हथियार बरामद किए गए हैं. पुलिस टीम आगे भी छिपे हुए अन्य नक्सलियों या हथियारों की तलाश में जुट गई है.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

