-शिकायतकर्ता को मिली जान से मारने की धमकी
अयोध्या 17 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद के बीकापुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा बैंती कला में बड़े सागर के पीछे गोशाला का निर्माण है, जो कि गाँव के अंतिम छोर पर स्थित होने के कारण वहाँ गाँव वालों का आवागमन लगभग न के बराबर है। गोशाला पूर्ण रूप से ग्राम प्रधान अनिल सिंह व ग्राम सचिव के निर्देशन में संचालित है। गोशाला में गायों की स्थिति दयनीय है। गायें चोटिल हैं, कुछ के पैर टूटे हैं, तथा गोशाला में गायों की अस्थियाँ भी इधर उधर बिखरी आसानी से देखी जा सकती हैं। उपरोक्त जानकारी गाँव के ही संजय निषाद द्वारा मीडिया को तब दी गई जब गोशाला में गायों की दुर्दशा की शिकायत उसके द्वारा गोशाला से ही फोन पर ग्राम प्रधान अनिल सिंह से की गई और उसके द्वारा गायों की देखभाल का उचित सुझाव भी दिया गया। इस पर गाँव के प्रधान भड़क गए और फोन पर ही कहने लगे, तुम गाँव के हो, इसलिए गोशाला में अंदर चले गए, दूसरा कोई अंदर नहीं जा सकता। परंतु जब किसी अन्य के माध्यम से प्रधान को पता चला कि संजय ने गोशाला में जाकर वहाँ की वीडियो बनाई है, तो प्रधान जी भड़क गए और गोली मारने तक की धमकी दे डाली, जिसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसकी जानकारी जब एसडीएम बीकापुर से मांगी गयी तो एसडीएम ने मामले की जांच का आश्वासन देते हुए कहा कि शिकायत सही पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। बताते चलें कि गांव की गौशाला, जो कि प्रदेश सरकार द्वारा गायों के संरक्षण के उद्देश्य से बनवाई गई थी, अब भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुकी है। सरकारी वेबसाइट का अध्ययन करने पर पता चलता है कि रोजाना इस गोशाला में 40 गायों की देखरेख के हिसाब से सरकारी धन आवंटित किया जा रहा है, जबकि 2025 में कई माह ऐसे भी थे, जब गोशाला में गायों की संख्या लगभग न के बराबर थी। इसका मतलब है कि महीने में लगभग 48 हजार रुपये का आहरण ग्रामसभा के जिम्मेदार लोगों द्वारा किया जा रहा है। गोशाला का निर्माण 2022 में किया गया था, लेकिन बिना किसी सुविधा के, बिना स्वास्थ्य व्यवस्था के, और बिना चारे के, यह गोशाला पूरी तरह से गायों की कब्रगाह में परिवर्तित हो चुकी है, जहाँ अस्थियाँ इधर उधर बिखरी दिखती हैं। ऐसा नहीं है कि सरकार ने गोशाला को कोई व्यवस्था नहीं दी। चारा काटने के लिए इलेक्ट्रिक मशीन, पंखा आदि सभी व्यवस्था सरकार द्वारा दी गई थी, लेकिन मौके पर सब सामान चोरी हो गया है। कुछ लोगों का कहना है कि सब सामान चोरी हो गया है। वहीं गोशाला में जगह-जगह बिखरी हुई अस्थियाँ बताती हैं कि यह गोशाला नहीं, बल्कि गायों की कब्रगाह है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

