कमेटी गठित, सात दिन में देनी होगी रिपोर्ट
प्रयागराज 17 अप्रैल (आरएनएस)। रेलवे प्रशासन ने करछना स्थित पंचदेवरा में बुधवार की शाम हुए हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। गाड़ी संख्या 12801 (पुरुषोत्तम एक्सप्रेस) की चपेट में आने से पांच लोगों की मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए रेल प्रशासन ने जेएजी स्तर के अधिकारियों की एक विशेष समिति का गठन किया है।
यह समिति न केवल हादसे के कारणों की पड़ताल करेगी, बल्कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए अपने सुझाव और अनुशंसाएं भी साझा करेगी। प्रयागराज मंडल के अपर रेल मंडल प्रबंधक (एडीआरएम) ऑपरेशन एमएम वारिश द्वारा बृहस्पतिवार को जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, डीआरएम प्रयागराज की मंजूरी के बाद गठित इस समिति में चार वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया गया है।
इसमें सीनियर डीसीएम (कोचिंग), सीनियर डीएससी (आरपीएफ), सीनियर डीओएम (कोऑर्डिनेशन) और सीनियर डीईई (टीआरडी) शामिल हैं। समिति के सबसे वरिष्ठ सदस्य को इस जांच दल का अध्यक्ष और संयोजक नियुक्त किया गया है। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जांच समिति को अपनी रिपोर्ट निर्धारित समय सीमा के भीतर सौंपनी होगी।
समिति को निर्देश दिया गया है कि वे हादसे के सात दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट और सिफारिशें प्रशासन को प्रस्तुत करें। सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी के अनुसार रेलवे प्रशासन इस बात पर ध्यान केंद्रित कर रहा है कि आखिर किन परिस्थितियों में यह हादसा हुआ।
ज्ञात हो कि बुधवार शाम दिल्ली हावड़ा रूट पर प्रयागराज के करछना के पास पचदेवरा इलाके में ट्रेन की चपेट में आने से पांच यात्रियों की मौत हो गई। नेता जी एक्सप्रेस के चालक ने रेलवे ट्रैक पर शव देखकर ट्रेन रोक दी। इस दौरान ट्रेन से नीचे उतरे कुछ यात्री दूसरी लाइन पर प्रयागराज जंक्शन की तरफ आ रही पुरुषोत्तम एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। सीपीआरओ के अनुसार यह घटना शाम 6:57 बजे हुई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

