हरगांव/सीतापुर 17 अप्रैल (आरएनएस)। थाना हरगांव क्षेत्र के ग्राम पंचायत देईरामा के मजरा चंदनापुर में शुक्रवार को उस समय आश्चर्यजनक घटना सामने आई, जब एक किसान के खेत में गेहूं कटाई के दौरान भगवान हनुमान की पत्थर की प्रतिमा मिली। किसान संजय शुक्ला खेत की सफाई कर रहे थे, तभी मिट्टी के बीच से लाल बलुआ पत्थर से बनी यह प्रतिमा दिखाई दी। प्रतिमा मिलने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। लोग दूर-दूर से पहुंचकर हनुमान जी के दर्शन करने लगे। कुछ ही समय में वहां धार्मिक माहौल बन गया और लोग इसे आस्था से जोड़कर देखने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को सूचना दी गई। ककराही चैकी इंचार्ज रंजीत कुमार यादव मौके पर पहुंचे और भीड़ को व्यवस्थित कराया। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया, जहां किसान के खेत में हनुमान जी की प्रतिमा मिलने की पुष्टि हुई। ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर खासा उत्साह है। लोग इसे चमत्कार मानते हुए पूजा-अर्चना की तैयारी में जुट गए हैं, वहीं प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

