सीतापुर 17 अप्रैल (आरएनएस)। मिशन शक्ति (5.0) के अंतर्गत दूसरे चरण का कार्यक्रम शुक्रवार को लखनऊ पब्लिक स्कूल में आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आलोक सिंह ने की। अपने संबोधन में आलोक सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को सुरक्षा के साथ-साथ आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना है, ताकि वे समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें। कार्यक्रम के दौरान महिला उप निरीक्षक अर्चना शुक्ला ने छात्राओं को मिशन शक्ति के उद्देश्य और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी। महिला थानाध्यक्ष मधु यादव ने बालिकाओं के सवालों का जवाब देते हुए उनकी शंकाओं का समाधान किया और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर श्री रघुराज सिंह हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा गोलू गुप्ता को राष्ट्रीय स्तर पर कविता लेखन में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। चांदनी को बैडमिंटन में राज्य स्तर पर स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने पर, आदर्शनी को राज्य स्तर पर रजत पदक और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन होने पर तथा कलपी को खो-खो प्रतियोगिता में लखनऊ मंडल की टीम के साथ रजत पदक जीतने पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. निखिल कुमार रस्तोगी, महिला आरक्षी अनन्या पाठक, विद्यालय की प्रधानाचार्या, स्टाफ एवं पुलिस विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

