सक्ती, 18 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने इस मामले में आयुक्त स्तर की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
जारी आदेश के मुताबिक, बिलासपुर संभाग के आयुक्त को इस पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच अधिकारी को घटना के हर पहलू—समय, कारण और परिस्थितियों—की गहन पड़ताल करने के निर्देश दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि 14 अप्रैल 2026 को प्लांट की बॉयलर यूनिट-1 में बड़ा हादसा हुआ था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, स्टीम पाइप से जुड़े वाटर सप्लाई पाइप के ज्वाइंट में आई तकनीकी खराबी इस दुर्घटना की मुख्य वजह बनी।
इस दर्दनाक हादसे में कई श्रमिकों की जान चली गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद से ही सुरक्षा मानकों और तकनीकी खामियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सरकार ने जांच में यह भी स्पष्ट करने को कहा है कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए क्या ठोस उपाय किए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मामले की निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जांच अधिकारी को 30 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट शासन को सौंपनी होगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
००००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

