सक्ती, 18 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में हुए वेदांता पावर प्लांट हादसे में मृतकों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब एक और घायल मजदूर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है, जिससे कुल मौतों की संख्या 22 हो गई है।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के रहने वाले श्रमिक सुब्रोतो जेना, जो 80 से 90 प्रतिशत तक झुलस गए थे, ने शनिवार सुबह रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। इससे पहले मध्यप्रदेश निवासी किस्मत अली की भी रायपुर के एक निजी अस्पताल में मौत हो चुकी है।
इस हादसे में कुल 36 मजदूर झुलसे थे, जिनमें से 14 घायलों का अभी भी अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए वेदांता के चेयरमैन अनिल अग्रवाल समेत प्रबंधन से जुड़े 10 लोगों के खिलाफ डभरा थाने में एफआईआर दर्ज की है।
प्रारंभिक जांच में प्लांट प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आई है। बताया जा रहा है कि उत्पादन बढ़ाने की जल्दबाजी में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिसके चलते बॉयलर में विस्फोट हुआ। चेतावनी संकेत मिलने के बावजूद काम नहीं रोका गया और मशीनों के रखरखाव में भी भारी चूक पाई गई।
औद्योगिक सुरक्षा विभाग की टीम ने घटना के 24 घंटे के भीतर मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी, जिसमें कई तकनीकी और सुरक्षा संबंधी खामियां उजागर हुई हैं।
फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
०००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

