नई दिल्ली,18 अपै्रल (आरएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को मेट्रो फेज-4 के अंतर्गत निर्माणाधीन आर.के. आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को परियोजना को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए.
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से जनता के साथ जानकारी साझा करते हुए कहा कि दिल्ली मेट्रो केवल एक परिवहन साधन नहीं, बल्कि राजधानी की जीवनरेखा है. रोजाना लाखों लोग अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए इस पर निर्भर हैं. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता और सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य एक ऐसा बुनियादी ढांचा तैयार करना है जो न केवल आधुनिक हो, बल्कि यात्रियों के लिए पूर्णत: सुरक्षित भी हो.
आर.के. आश्रम मार्ग स्टेशन पर मुख्यमंत्री ने डीएमआरसी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की. इस बैठक में फेज-4 की प्रगति, वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की यात्री सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने कार्य की गति पर संतोष व्यक्त किया, लेकिन साथ ही पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया.
अधिकारियों को निर्देशित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा फेज-4 के सभी कॉरिडोर का काम निर्धारित डेडलाइन के भीतर पूरा होना चाहिए ताकि दिल्लीवासियों को जल्द से जल्द राहत मिल सके. निर्माण कार्य के दौरान आस-पास के निवासियों और सड़क पर चलने वाले यात्रियों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए. कनेक्टिविटी को इस तरह डिजाइन किया जाए कि यात्रियों को एक लाइन से दूसरी लाइन में बदलने या स्टेशन से बाहर निकलने में सुगमता हो.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए मजबूत और आधुनिक ट्रांसपोर्ट नेटवर्क तैयार करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने फेज-4 को विकसित दिल्ली के निर्माण की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बताया. उल्लेखनीय है कि फेज-4 के तहत आर.के. आश्रम मार्ग स्टेशन एक महत्वपूर्ण इंटरचेंज हब के रूप में विकसित हो रहा है, जो ब्लू लाइन और मजेंटा लाइन को आपस में जोड़ेगा. इससे मध्य और उत्तर दिल्ली के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा.
निरीक्षण के अंत में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि कार्य प्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे. उन्होंने कहा कि सरकार समय-समय पर जमीनी स्तर पर जाकर कार्यों की समीक्षा करती रहेगी. दिल्ली सरकार का संकल्प है कि राजधानी के सार्वजनिक परिवहन को वैश्विक स्तर का बनाया जाए ताकि निजी वाहनों पर निर्भरता कम हो और प्रदूषण पर भी लगाम लगाई जा सके.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

