मऊ ,18 अपै्रल (आरएनएस)। विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर ए.के. शर्मा ने मऊ स्थित मंगलम भवन परिसर में पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के आधार हैं, क्योंकि यही हमें शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लें, जिससे आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण से ही शुद्ध वायु प्राप्त होती है और शुद्ध वायु से ही स्वस्थ जीवन संभव हो पाता है। एक स्वस्थ व्यक्ति ही समाज और राष्ट्र के विकास में प्रभावी योगदान दे सकता है। इसलिए पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप देना अत्यंत आवश्यक है, ताकि समाज का हर वर्ग इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर सके।मंत्री ने यह भी कहा कि पर्यावरण हमारी अमूल्य धरोहर है, जिसे सुरक्षित रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों पर वृक्षारोपण करें तथा लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखभाल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।इस अवसर पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के प्रति लोगों में विशेष उत्साह देखा गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

