मिर्जापुर ,18 अपै्रल (आरएनएस)। विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर प्रदेश की सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्त्व विभाग के निर्देशन में क्षेत्रीय पुरातत्व इकाई, वाराणसी द्वारा अमरावती इंटर कॉलेज में व्याख्यान, छायाचित्र प्रदर्शनी, अभिलेख प्रदर्शनी, चित्रकला प्रतियोगिता एवं निबंध प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।यह आयोजन जयवीर सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रेरणा तथा विभागीय नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में लगभग 150 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर सांस्कृतिक विरासत के प्रति अपनी रुचि और जागरूकता का परिचय दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विद्यालय की प्रधानाचार्य शालिनी पांडेय ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक धरोहरों के महत्व से अवगत कराते हुए उनके संरक्षण की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक धरोहरें हमारी पहचान और गौरव का प्रतीक हैं तथा इनके संरक्षण में जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है।इस अवसर पर क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी डॉ. राम नरेश पाल द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्रम प्रदान कर किया गया। साथ ही आयोजित छायाचित्र एवं अभिलेख प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न ऐतिहासिक स्मारकों एवं अभिलेखों की जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं ने भी विश्व धरोहर दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संकल्प लिया।कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 12 के छात्र राजमोहन यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा 10 की छात्रा मान्य गुप्ता ने द्वितीय और कक्षा 11 के छात्र दिव्यांशु कनौजिया ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 12 की छात्रा कोमल पाल प्रथम स्थान पर रहीं, कक्षा 10 के छात्र सर्वेश कुमार ने द्वितीय तथा कक्षा 12 के छात्र सूरज तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्षेत्रीय पुरातत्व इकाई, वाराणसी के राजीव रंजन, प्रिंस, रवि, प्रदीप, उमाशंकर एवं आनंद कुमार का विशेष योगदान रहा। इसके अतिरिक्त विद्यालय के अध्यापकगण अशोक, मनोज कुमार, मुसाफिर, पंच बहादुर यादव, हेमंत, अनूप, आशुतोष, राजकुमारी, शिवकुमारी, नेहा देवी, आरती सरोज, मानसी, अभिषेक दुबे एवं विमल कुमार की गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया, जिससे भविष्य में विरासत संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद जताई गई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

