लखनऊ ,18 अपै्रल (आरएनएस)। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में महिला के साथ दुष्कर्म और लूट की गंभीर घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1.15 लाख रुपये मूल्य की ज्वैलरी भी बरामद की है। बताया जा रहा है कि आरोपी पूर्व में जिला बदर भी रह चुका है और उसके विरुद्ध कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस के अनुसार 16 अप्रैल 2026 को वादी द्वारा थाना सरोजनीनगर में तहरीर देकर सूचना दी गई कि 15 अप्रैल 2026 को उसकी पत्नी, जो 14 अप्रैल को नशे की हालत में थी, दरोगाखेड़ा शराब ठेका के पास एक युवक के संपर्क में आई। आरोप है कि उक्त युवक उसे अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना सरोजनीनगर में तत्काल मु0अ0सं0 140/2026 धारा 64(1) बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। बाद में पीडि़ता के बयान के आधार पर लूट की घटना सामने आने पर धारा 309(4) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई।विवेचना के दौरान पुलिस ने साक्ष्य संकलन और छानबीन के आधार पर अभियुक्त अभिमन्यु राजपूत उर्फ मन्ना लोधी, निवासी दरोगाखेड़ा थाना सरोजनीनगर, का नाम प्रकाश में लाया। इसके बाद पुलिस टीम ने 17 अप्रैल 2026 को रानीपुर कट के पास से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय उसके कब्जे से लूटी गई ज्वैलरी बरामद की गई, जिसके बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोत्तरी की गई।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अभिमन्यु राजपूत उर्फ मन्ना (उम्र करीब 27 वर्ष) शातिर किस्म का अपराधी है, जो पूर्व में लूट, मारपीट और अवैध शस्त्र रखने जैसे मामलों में संलिप्त रहा है। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए न्यायालय द्वारा 7 सितंबर 2025 से छह माह के लिए उसे जिला बदर घोषित किया गया था। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद उसने पुन: गंभीर अपराध को अंजाम दिया।पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी बिछिया तथा पीली धातु के कान के टप्स बरामद किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 1.15 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक हरद्वारी लाल, उपनिरीक्षक उत्कर्ष त्रिपाठी, उपनिरीक्षक अमरजीत मिश्रा तथा उपनिरीक्षक आशीष कुमार की टीम शामिल रही।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

