जौनपुर ,18 अपै्रल (आरएनएस)।केराकत कोतवाली क्षेत्र के विक्रमपुर गांव से एक 16 वर्षीय छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्र के घर वापस न लौटने पर परिजनों में दहषत व्याप्त हो गया। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कोई पता नहीं चला तो पिता ने केराकत कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। विक्रमपुर गांव निवासी रामधनी कुमार पुत्र बब्बर राम का 16 वर्षीय पुत्र राजवीर कुमार बुधवार की सुबह लगभग 8 बजे घर से पसेवा गांव स्थित मां वैष्णो इंटर कॉलेज में पढऩे के लिए निकला था। लेकिन शाम तक जब वह घर वापस नहीं पहुंचा तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने पहले अपने स्तर से रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला।इसके बाद परिजन विद्यालय पहुंचे और वहां जानकारी ली। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि राजवीर उस दिन स्कूल आया ही नहीं था। यह सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए। परेशान पिता ने तत्काल केराकत कोतवाली पहुंचकर अपने बेटे के लापता होने की सूचना पुलिस को दी और जल्द खोजबीन की मांग की।राजवीर के पिता ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि उनका बेटा सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है। बेटे के अचानक लापता होने से परिवार के सभी सदस्य बेहद चिंतित हैं। पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर मामले की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव और आस-पास के क्षेत्र में भी चिंता का माहौल है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

