जौनपुर 19 अप्रैल (आरएनएस )। सुरेरी थाना क्षेत्र के चिलाई कठवतिया गांव में बीते शुक्रवार को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के पोस्टर फाड़े जाने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में अनुसूचित जाति की पीडि़ता सुधा पत्नी मुकेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तहरीर के अनुसार, गांव के रास्ते पर लगे अंबेडकर के झंडे व पोस्टर को आरोपितो द्वारा उतारकर फाड़ दिया गया। जब पीडि़ता ने इसका विरोध किया तो आरोपितो ने गाली-गलौज और जाती सूचक शब्दों से नवाजते हुए मारपीट पर उतारू हो गए और जान से मारने की धमकी दी। पीडि़ता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही आरोपी करन राजभर पुत्र कमला, अंकित राजभर पुत्र गुलाब राजभर, शुभम राजभर पुत्र संतोष, अभिषेक राजभर पुत्र मुरली राजभर व आकाश राजभर पुत्र मान प्रताप के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 299, 352, 351(2) तथा 3(2)(अं) (एससी/एसटी अधिनियम) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। प्रभारी निरीक्षक सुरेरी राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

