मोटरसाइकिल से गांव जा रहे थे
प्रयागराज 19 अप्रैल (आरएनएस)। बारा थाना में मैदा मोड़ पर सड़क दुघर्टना में दो बुजुर्गों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों बुजुर्ग मोटरसाइकिल से अपने गांव जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जारी बाजार के रहने वाले बिहारी लाल अग्रहरि (70) पुत्र बच्चू लाल और सेहत बहादुर केसरवानी (75) मैदा गांव की ओर जा रहे थे। वे मैदा मोड़ के पास नेशनल हाईवे-30 को पार कर रहे थे। इसी दौरान लखनऊ से अपने पैतृक निवास जबलपुर (मध्य प्रदेश) जा रहे एक परिवार की तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल मानवता का परिचय देते हुए घायलों को संभाला और उनके परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी रही।
डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया। परिजन तुरंत उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों वृद्धों को मृत घोषित कर दिया। इस दुखद खबर से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही मामले की जांच की जा रही है और वाहन चालक से पूछताछ की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

