नई दिल्ली ,20 अपै्रल ,। सर्राफा बाजार में सोना-चांदी खरीदने का मन बना रहे ग्राहकों के लिए एक बेहद बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। बीते सप्ताह दोनों कीमती धातुओं के दाम में जो जोरदार तेजी देखने को मिल रही थी, उस पर हफ्ते के पहले ही कारोबारी दिन अचानक ब्रेक लग गया है। सोमवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (रूष्टङ्ग) पर वायदा कारोबार शुरू होते ही सोना और चांदी धड़ाम से नीचे आ गिरे। एक ही झटके में चांदी की कीमतों में 5000 रुपये से ज्यादा की भारी गिरावट दर्ज की गई। इस ताजा गिरावट के बाद अब चांदी अपने उच्चतम स्तर (लाइफ टाइम हाई) से 1.87 लाख रुपये से ज्यादा सस्ती हो चुकी है, जबकि सोने के भाव में भी तगड़ी कमी आई है।
खुलते ही भरभराकर गिरी चांदी, जानिए क्या है ताजा भाव
एमसीएक्स पर सोमवार को कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में भारी उथल-पुथल देखने को मिली। 5 मई की एक्सपायरी वाली चांदी का भाव बीते शुक्रवार को 2,57,142 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था, लेकिन सोमवार सुबह खुलते ही यह धड़ाम होकर 2,51,785 रुपये पर आ गया। इस हिसाब से बाजार खुलते ही चांदी सीधे 5,357 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई। अगर चांदी के सर्वकालिक उच्च स्तर से इस गिरावट की तुलना करें, तो यह अब 1,87,552 रुपये प्रति किलोग्राम तक सस्ती मिल रही है। गौरतलब है कि इसी साल जनवरी महीने में चांदी का वायदा भाव पहली बार 4 लाख रुपये के पार निकला था और 4,39,337 रुपये प्रति किलो का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया था।
सोने की चमक भी पड़ी फीकी, 50 हजार रुपये से ज्यादा सस्ता हुआ गोल्ड
चांदी की ही तर्ज पर एमसीएक्स पर सोने की कीमतों में भी सोमवार को बड़ी गिरावट हावी रही। 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का रेट अपने पिछले कारोबारी बंद के मुकाबले ओपनिंग के साथ ही 1780 रुपये कम हो गया। पिछले शुक्रवार को 5 जून की एक्सपायरी वाले वायदा सोने का भाव 1,54,609 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जो सोमवार को औंधे मुंह गिरकर 1,52,829 रुपये पर आ गया। इस बड़ी गिरावट के साथ अब सोना अपने लाइफ टाइम हाई लेवल 2,02,984 रुपये से सीधे 50,155 रुपये सस्ता मिल रहा है। शादी-ब्याह के सीजन में ग्राहकों के लिए यह किसी बड़े सुनहरे मौके से कम नहीं है।
अमेरिका-ईरान जंग के बाद से अब तक कितनी आई गिरावट?
मिडिल ईस्ट में युद्ध की स्थिति के बाद से अब तक दोनों कीमती धातुओं के भाव में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। 28 फरवरी को जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमलों की शुरुआत की थी, उससे ठीक एक दिन पहले यानी 27 फरवरी को एमसीएक्स पर चांदी 2,82,644 रुपये पर ट्रेड कर रही थी। ताजा कीमतों से तुलना करें तो इस दौरान चांदी 30,859 रुपये प्रति किलो सस्ती हो चुकी है। इसी तरह 27 फरवरी को सोना 1,65,659 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था और तब से अब तक सोने के रेट में भी 12,830 रुपये की कमी आ चुकी है। हालांकि, बीते हफ्ते सिर्फ चार कारोबारी दिनों में चांदी 14 हजार और सोना करीब 2 हजार रुपये महंगा हुआ था, लेकिन सोमवार की इस ताजा गिरावट ने बाजार का सारा गणित पलट कर रख दिया है।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

