बलौदाबाजार-भाटापारा, 14 जुलाईं (आरएनएस)। डिजिटल दौर में साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में केवल एक साधारण पासवर्ड के भरोसे अपने ऑनलाइन अकाउंट सुरक्षित रखना अब पर्याप्त नहीं है। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि ऑनलाइन बैंकिंग, ईमेल और सोशल मीडिया खातों की सुरक्षा के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) को तुरंत सक्रिय करना चाहिए।
2FA यानी टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन आपके अकाउंट पर सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत जोड़ता है। इसमें पासवर्ड के साथ एक दूसरा सत्यापन, जैसे मोबाइल पर आने वाला OTP, ऑथेंटिकेटर ऐप या बायोमेट्रिक पुष्टि भी जरूरी होती है। इससे यदि किसी के पास आपका पासवर्ड पहुंच भी जाए, तब भी वह बिना दूसरे सत्यापन के आपके अकाउंट में लॉगिन नहीं कर सकता।
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, 2FA सक्रिय होने से अनधिकृत लॉगिन की संभावना काफी कम हो जाती है और बैंकिंग, ईमेल व सोशल मीडिया खातों में मौजूद व्यक्तिगत जानकारी और वित्तीय डेटा अधिक सुरक्षित रहता है।
विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे अपने सभी महत्वपूर्ण ऑनलाइन खातों में मजबूत पासवर्ड के साथ 2FA को अनिवार्य रूप से चालू करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध लिंक, ईमेल या मैसेज पर क्लिक करने से बचें और अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
बंछोर
०००

